घर से लापता हुई विवाहिता का शव 20 घंटे बाद मिला, नहर में तलाश कर रहे थे गोताखोर


महाजन. (मुकेश रंगा)। बीकानेर जिले के महाजन कस्बे में सोमवार को नहर में गिरी विवाहिता का शव करीब 20 घंटे बाद मंगलवार सुबह 11.30 बजे निकाल लिया गया। कल शाम से ही उसकी तलाश में गोताखोर लगे हुए थे। पुलिस ने पोस्मार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


महाजन थाना के हेड कांस्टेबल गंगाराम बिश्नोई ने बताया कि सोमवार दोपहर को सूचना मिली की वार्ड 11 निवासी जमुना पत्नी कालूराम वाल्मीकि घर से निकल गई थी। काफी तलाश करने पर भी वह नहीं मिली। आसपास के लोगों से संपर्क कर तलाश की गई तो नहर के पास उसकी चुन्नी और चप्पल मिली।


इस आधार पर यह अंदेशा लगाया जा रहा था कि वह नहर में गिर गई होगी। गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हुए थे। रात को सर्च बंद कर दी गई थी। पानी का बहाव होने के कारण माना जा रहा था कि वह बहकर काफी आगे निकल गई होगी। काफी लंबे एरिए में गोताखोर उसकी तलाश कर रह थे। जमुना नहर में कैसे गिरी इसकी पुलिस जांच कर रही है।